Monday, April 5, 2010

शोएब की वजह से हुआ था मेरा गर्भपात : आयशा

Bhaskarहैदराबाद. टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा और पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक की शादी के बीच रोड़ा बनी मलिक की कथित बेगम आयशा सिद्दीकी ने एक और सनसनीखेज खुलासा किया है। आयशा ने यह कहकर पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है शोएब और उनके बीच शारिरिक संबंध बने थे जिसके बाद बह गर्भवती हो गई थीं। हालांकि उनका गर्भ गिर गया था।

एक अंग्रेजी अखबार के अनुसार, आयशा ने हालांकि यह नहीं बताया कि वो कब गर्भवती हुई थी लेकिन उन्होंने यह साफ किया की उनकी महिला डॉक्टर इस बात से निश्चित थी की वो प्रेगनेंट थी। आयशा ने हैदराबाद की फातिमा नाम की डॉक्टर से अपना इलाज कराना बताया है। हालांकि अभी आएशा का इलाज करने वाली डॉक्टर से उनके गर्भपात की पुष्टि नहीं हो सकी है।

शोएब मलिक के भारत छोड़ने पर प्रतिबंध

पुलिस ने पाक क्रिकेटर शोएब मलिक के देश छोड़ने पर रोक लगा दी है। हैदराबाद के पुलिस प्रमुख एके खान के मुताबिक पुलिस ने देश के सभी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों को सतर्क कर दिया है। शोएब से कहा गया है कि वह देश छोड़कर नहीं जाए। एडिशनल पुलिस कमिश्नर डी.तिरुमल राव के मुताबिक वे शोएब को गिरफ्तार करने के लिए कानूनी सलाह ले रहे हैं। साथ ही उसके पासपोर्ट को भी जब्त करने की प्रक्रिया पर विचार हो रहा है।

दूसरी ओर, मलिक ने आखिर यह कबूल लिया कि आयशा सिद्दीकी से उनका निकाह हुआ था। शोएब के अनुसार उन पर भावनात्मक दबाव बनाकर निकाहनामे पर दस्तखत कराए गए थे। इस मामले में उनके साथ धोखा हुआ है।

दूसरी ओर आयशा ने शोएब के खिलाफ दर्ज कराए मुकदमे में उत्पीड़न और धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। इसके साथ ही आयशा ने कहा है कि मीडिया के सामने दोनों के बीच संबंधों को नकारने के लिए शोएब ने उसे दस लाख डॉलर की पेशकश की थी।

शोएब भारत आने के बाद सानिया के घर पर रविवार को पहली बार मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि उन्हें आयशा के नाम पर किसी और लड़की की फोटो भेजी गई थी। अब जिसे आयशा बताया जा रहा है उसे वे उसकी बड़ी बहन के रूप में जानते थे। आयशा से उनकी पहली टेलीफोन वार्ता शारजाह मैच के दौरान हुई थी जो समय के साथ गहराती गई। बीच में वे एक बार आयशा से मिलने हैदराबाद भी आए। तब उनकी मुलाकात नहीं हो सकी थी क्योंकि वह सऊदी अरब जा चुकी थी।

शोएब ने कहा कि कुछ समय बाद आयशा ने परिवार की इज्जत का हवाला देकर भावनात्मक रूप से उन पर निकाह के लिए दबाव बनाया था। वे खुद भी उससे निकाह करना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने जून 2002 में निकाहनामे पर दस्तखत कर दिए थे। शोएब ने कहा कि उन्हें जल्द ही पता लग गया था कि उनके साथ धोखा हुआ है। उन्होंने निकाहनामा को अवैध करार देते हुए कहा कि ऐसे हालात में तलाक का सवाल ही नहीं उठता है।

शोएब के अनुसार अब उनका वकील सारे मामले के कानूनी पक्ष देखेगा। वे यहां शादी के लिए आए हैं। इंशाअल्लाह शादी 15 अप्रैल को ही होगी। उन्होंने यह भी साफ किया कि शादी के बाद भी सानिया भारत की ओर से टेनिस खेलती रहेगी। तमाम आरोपों के बावजूद सानिया और उनका परिवार शोएब के साथ खड़ा है।

एफआईआर दर्ज

उधर आयशा ने शोएब के खिलाफ बंजारा हिल्स थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इसमें शोएब के खिलाफ शोएब के खिलाफ धोखाधड़ी, दहेज उत्पीड़न और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। आयशा ने अपनी शिकायत में कहा है कि शोएब ने लगातार फोन कर उस पर मुंह बंद रखने का दबाव बनाया। जब बात नहीं बनी तो मीडिया के सामने दोनों के बीच के संबंधों को नकारने के लिए दस लाख डॉलर (करीब साढ़े चार करोड़ रुपए) की पेशकश की थी। आयशा ने शोएब के बहनोई इमरान जफर को भी शिकायत में शामिल किया है।

टेलीफोन पर निकाह वैध

शोएब मलिक टेलीफोन पर हुए निकाह को अवैध ठहराने के लिए तमाम नजीरों को पेश कर रहे हैं। उधर, दारुल इफ्ताह जमियत उल मोमिनत ने रविवार को एक फतवा जारी कर ऐसे निकाह को वैध माना है।

जारी है विरोध का सिलसिला

इस बीच सानिया और शोएब की शादी को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों का दौर रविवार को भी जारी रहा। आल इंडिया मुस्लिम महिला पर्सनल लॉ बोर्ड की अध्यक्ष शाइस्ता अंबर के मुताबिक निकाह में नीयत ठीक नहीं तो वह गैर इस्लामी है। उन्होंने कहा दो अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के परिवार अब शरीयत से खेलकर इस्लाम को बदनाम कर रहे हैं। कानपुर में भारतीय एकता परिषद के सौ से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने सानिया का पुतला फूंककर विरोध जताया। मदुरई में हिंदू यूथ फेडरेशन के कार्यकर्ताओं ने भी सानिया का पोस्टर जलाया। पुलिस ने 20 लोगों को इस सिलसिले में गिरफ्तार किया है। चेन्नई में भी विरोध प्रदर्शन की खबर है।

No comments:

Post a Comment